सारंगढ़-बिलाईगढ़ , मार्च 13 -- सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के सारंगढ़-कटेली मार्ग स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मिल के गोदाम में रखे हजारों क्विंटल धान आग की चपेट में आ गए, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार राइस मिल से लगे खेत में पहले आग लगी थी। तेज हवा के कारण आग धीरे-धीरे मिल परिसर तक पहुंच गई और गोदाम में रखे धान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा हजारों क्विंटल धान जलने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नगरपालिका की दमकल गाड़ी ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण काबू पाना मुश्किल हो गया। इसके बाद पड़ोसी जिले से एनटीपीसी और अडानी की दमकल गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया।

करीब चार दमकल वाहनों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित