रायपुर , जून 25 -- छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड स्थित रामवनगमन पर्यटन परिपथ और प्राचीन रामगढ़ धरोहर परिसर का गुरुवार को निरीक्षण कर 29 तथा 30 जून को आयोजित होने वाले दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की।
श्री अग्रवाल ने आयोजन स्थल पर सीताबेंगरा, हाथी पोल, हेलीपैड, मुख्य मंच, पार्किंग, पंडाल, बैठक व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन तथा विभागीय प्रदर्शनी स्टॉलों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में आयोजित होने वाला यह महोत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सुरक्षा, पर्यटक सुविधाओं और आयोजन प्रबंधन में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने सीताबेंगरा और हाथी पोल क्षेत्र में पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा के विशेष इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की जाए तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों, यातायात, सुरक्षा और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को प्रभावी बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ महोत्सव प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और पुरातात्विक धरोहरों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और रोजगार के अवसरों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कलेक्टर अजीत वसंत ने भी सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन, पुलिस, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित