रायपुर , जून 06 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को सुशासन तिहार के तहत सक्ती जिले के ग्राम ठठारी में ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। वहीं गरियाबंद प्रवास के दौरान उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पीपल का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने ठठारी में चतुर्भुज तालाब के समीप विशाल बरगद के पेड़ की छांव में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य केवल योजनाओं की समीक्षा करना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के संबंध में ग्रामीणों से फीडबैक लिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शीघ्र ही अत्याधुनिक सीएम हेल्पलाइन शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से नागरिक टोल फ्री नंबर, ईमेल और व्हाट्सएप से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों के समयबद्ध निराकरण की व्यवस्था होगी तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त के तहत प्रदेश की लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में राशि अंतरित की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, रामलला दर्शन योजना तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की जानकारी भी ग्रामीणों को दी।
जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने चतुर्भुज विष्णु मंदिर के निकट श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आरती घाट निर्माण, ठठारी में बैंक शाखा खोलने तथा नगर पंचायत गठन के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत करने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का वास्तविक अर्थ शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व गरियाबंद में आयोजित संभागीय समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत कार्यालय परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पीपल का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की पहल पर शुरू किया गया यह अभियान लोगों को अपनी माताओं के सम्मान में पौधारोपण के लिए प्रेरित करता है।
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित