रायपुर , अप्रैल 30 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस (मई दिवस) के अवसर पर प्रदेश के समस्त श्रमवीरों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं तथा उनके सुखमय, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
श्री साय ने अपने संदेश में कहा कि एक मई का दिवस परिश्रमी हाथों के सम्मान का प्रतीक है, जिनके अथक श्रम, समर्पण और निष्ठा से समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार मजबूत होता है। श्रमिक वर्ग किसी भी राज्य और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार है तथा कृषि, उद्योग, निर्माण और सेवा क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि समावेशी और सतत विकास की संकल्पना तभी साकार हो सकती है, जब श्रमिकों को सम्मान, सुरक्षा और अवसर प्राप्त हों। राज्य सरकार श्रमिकों के सर्वांगीण विकास, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण बोर्ड के माध्यम से श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनसे आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक संरक्षण मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, कौशल उन्नयन के अवसरों का लाभ उठाने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्रमिकों के परिश्रम और प्रतिबद्धता से राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर प्रदेशवासियों और बौद्ध धर्मावलम्बियों को भी बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महात्मा गौतम बुद्ध ने अहिंसा, समानता और विश्व बंधुत्व का संदेश दिया, जिसे देश-विदेश में व्यापक रूप से अपनाया गया है। उनके उपदेश हर काल और परिस्थिति में प्रासंगिक हैं तथा संयम और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि बुद्ध के विचार और जीवन मूल्य एक बेहतर समाज और राष्ट्र निर्माण के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित