रायगढ़ , मई 16 -- ) सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के कुसमूरा पहुंचे, जहां उन्होंने 108 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।

श्री साय के आगमन पर ग्राम कोतरा स्थित मंडी परिसर हेलीपेड में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अमले में आईजी रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और एसएसपी शशि मोहन सिंह की उपस्थिति रही।

वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री का यह दौरा अत्यंत व्यस्त रहा। उन्होंने दिन की शुरुआत जांजगीर में पूजा-अर्चना से की, इसके बाद लैलूंगा में कार्यक्रम में शामिल हुए और फिर कुसमूरा पहुंचे। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद मुख्यमंत्री का लगातार जनसंपर्क और दौरा यह दर्शाता है कि वे प्रदेश के विकास एवं जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

कुसमूरा पहुंचने से पहले श्री साय अपने पुराने सहयोगी सनत नायक के निवास भी पहुंचे, जहां उन्होंने परिजनों से आत्मीय भेंट की और उनके साथ भोजन कर पुराने दिनों को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक मई से शुरू हुआ सुशासन तिहार 10 जून तक पूरे प्रदेश में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रशासनिक सक्रियता के साथ-साथ जनसरोकारों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित