जगदलपुर , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर संभाग के निवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए महारानी जिला चिकित्सालय, जगदलपुर में ''अटल आरोग्य लैब'' का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लैब का लोकार्पण किया और ''सही जांच, सही इलाज'' के संकल्प को मजबूत करने की बात कही।

जिला पीआरओ ने सोमवार को बताया कि इस अत्याधुनिक लैब के शुरू होने से अब बस्तर क्षेत्र के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली पैथोलॉजी जांचें स्थानीय स्तर पर ही कम समय में उपलब्ध हो सकेंगी। अब मरीजों को जटिल जांचों के लिए अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे समय और लागत दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक डॉ. वी.आर. भगत और राज्य सलाहकारों ने लैब की तकनीकी क्षमताओं और आधुनिक उपकरणों की जानकारी दी। विशेषज्ञों के अनुसार, लैब में उपलब्ध मशीनें सटीक और त्वरित जांच सुनिश्चित करेंगी।

कार्यक्रम में नगर निगम सभापति निर्मल पाणिग्राही, स्वास्थ्य सभापति लक्ष्मण झा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। डॉ. संजय बसाक, डॉ. नीरज ओझा और विशेषज्ञों की टीम ने बताया कि इस सुविधा से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

इस दौरान कलेक्टर आकाश छिकारा ने लैब का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने डॉक्टरों और तकनीशियनों से जांच प्रक्रिया की सटीकता और समयबद्धता पर चर्चा की तथा निर्देश दिए कि सभी परीक्षण निर्धारित समय सीमा में उपलब्ध कराए जाएं, ताकि मरीजों का उपचार शीघ्र प्रारंभ हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित