रायपुर , नवंबर 10 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर परिसर में 88 करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मिथिलेश अग्रवाल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप इन इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी का शिलान्यास किया।
इस केंद्र के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और स्टार्टअप विकसित करने के लिए आवश्यक संसाधन एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें बेहतर अवसर, आधुनिक संसाधन और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है। राज्य सरकार ऐसा वातावरण तैयार कर रही है, जिससे युवाओं को रोजगार और उद्यम स्थापित करने के लिए दूसरे राज्यों की ओर पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल रोजगार प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नवाचार और उद्यमिता के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करने चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में तकनीक और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में विद्यार्थियों को अनुसंधान, तकनीकी समाधान विकसित करने, प्रोटोटाइप तैयार करने और अपने विचारों को व्यावसायिक स्वरूप देने की सुविधाएं मिलेंगी। इससे प्रदेश में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा मिलने के साथ उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीकी विकास को गति मिलेगी।
इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 88.76 करोड़ रुपये है, जिसमें मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन द्वारा 71 करोड़ रुपये से अधिक का योगदान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रख्यात उद्यमी रामदेव अग्रवाल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अपनी माता मिथिलेश अग्रवाल की स्मृति में इस संस्थान की स्थापना का संकल्प समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
एनआईटी रायपुर परिसर में लगभग 6,525 वर्गमीटर भूखंड पर विकसित होने वाले इस केंद्र का कुल निर्मित क्षेत्रफल करीब 12,307 वर्गमीटर होगा। बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों वाले भवन में सात अत्याधुनिक प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग, रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन, डेटा एनालिटिक्स एवं कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं साइबर सुरक्षा, थ्री-डी प्रिंटिंग एवं एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, एआर-वीआर एवं इंटरनेट ऑफ थिंग्स तथा क्लीनटेक एवं सस्टेनेबिलिटी से संबंधित प्रयोगशालाएं शामिल होंगी।
केंद्र में स्टार्टअप इन्क्यूबेशन, को-वर्किंग स्पेस, स्मार्ट क्लासरूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, प्रदर्शनी क्षेत्र, एम्फीथिएटर और आवासीय सुविधाओं का भी प्रावधान किया गया है। यहां नवोदित उद्यमियों को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन तथा निवेशकों, बैंकों और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसके अंतर्गत युवाओं को उद्यम स्थापना के लिए पूंजी, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री एआई मिशन के तहत भी 500 करोड़ रुपये के निवेश का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से प्रदेश में 100 एआई डेटा लैब और पांच सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना और एआई डेटा सेंटर पार्क विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना और निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार कर उभरती प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर, आईआईटी भिलाई, आईआईएम रायपुर और आईआईआईटी जैसे उच्च शिक्षण संस्थानों की अनुसंधान क्षमता को उद्योगों से जोड़कर प्रदेश में रोजगार और उद्यमिता की नई संभावनाएं विकसित की जा सकती हैं। बस्तर और सरगुजा सहित दूरस्थ एवं जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं तक आधुनिक तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना भी सरकार की प्राथमिकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित