रायपुर , अप्रैल 18 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है और आरोप लगाया कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस , द्रमुक समेत इंडिया गठबंधन शामिल अन्य दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित होने से रोककर देश की महिलाओं के साथ अन्याय किया है।
श्री साय ने कहा कि देश की लगभग 70 करोड़ माताओं और बहनों को विकास की मुख्यधारा में निर्णयकर्ता बनाने की दिशा में यह विधेयक एक ऐतिहासिक कदम था, लेकिन विपक्ष के रवैये के कारण इसे अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। उन्होंने इसे "घोर महापाप" बताते हुए कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के साथ विश्वासघात है।
उन्होंने कहा कि देश की महिलाएं इस घटना को कभी नहीं भूलेंगी और आने वाले समय में इसका जवाब देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य करती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित