रायपुर , सितंबर 14 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को तत्काल निरीक्षण कर सड़क सुधार कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री साय ने सोमवार को कलेक्टर वसंत से दूरभाष पर चर्चा कर सड़क की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने खरसिया चौक पर बड़े गड्ढों को भरने, सड़क का समतलीकरण करने और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अधिक यातायात दबाव वाले स्थानों पर पुलिस और यातायात विभाग के साथ समन्वय कर सुरक्षित एवं निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने इस मामले के साथ प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्माणाधीन और बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कलेक्टर स्वयं मौके का निरीक्षण करें और संबंधित विभागों तथा निर्माण एजेंसियों से समन्वय कर मानसून के दौरान सड़कों को आवागमन योग्य बनाए रखें।
उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों के आसपास कटाव और जलभराव वाले स्थानों पर तत्काल सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए। दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगरीय निकाय अथवा किसी अन्य एजेंसी से संबंधित हो, जिला प्रशासन संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करे। अधिक यातायात दबाव वाली प्रमुख और निर्माणाधीन सड़कों को चिन्हित कर उनकी नियमित समीक्षा की जाए।
उन्होंने वर्षा ऋतु समाप्त होने के बाद निर्माणाधीन एवं स्वीकृत सड़क कार्यों में तेजी लाने और स्थायी मरम्मत तथा निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित