पटना , जुलाई 10 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डा. अनुप्रिया यादव ने शुक्रवार को कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन देने का निर्णय आज गरीबों, कमजोर वर्गों तथा जरूरतमंदों के लिए स्वावलंबन एवं सम्मान का आधार बन गया है।
डॉ. यादव ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से 97 लाख 84 हजार लाभुकों के खातों में 1100 रुपये की पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों के खाते में 1423.94 करोड़ रुपए की यह राशि लाखों वृद्धजन, दिव्यांगजन, विधवा महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंदों के लिए केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता, सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का मजबूत आधार है।
जदयू की प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को 400 रुपये से बढ़ाकर 1100 रुपये करने का महत्वपूर्ण निर्णय नीतीश कुमार ने अपने शासनकाल के दौरान लिया था। उनके इस दूरदर्शी और जनहितैषी फैसले का लाभ आज राज्य के लाखों जरूरतमंद परिवारों को लगातार मिल रहा है।
डॉ. यादव ने कहा कि विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि झारखंड में झारखण्ड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) एवं उनकी साझीदार राष्ट्रीय जनता दल ( राजद) ने विधानसभा चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे किए थे कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ व्यापक रूप से सभी जरूरतमंदों तक पहुंचाया जाएगा, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों को सीमित दायरे में समेट दिया गया। उन्होंने कहा कि चुनावी मंचों पर बड़े दावे करना और सत्ता में आने के बाद उनसे पीछे हट जाना, राजद और उसके सहयोगियों की राजनीतिक कार्यशैली को उजागर करता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित