पटना , मई 10 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू ) के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने 'मदर्स डे' के अवसर पर बिहार की सभी माताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि माताएं परिवार निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशीला रखती हैं।

जदयू प्रवक्ता ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने हमेशा माताओं, बहनों और बुजुर्ग महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और सम्मानजनक जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

श्री निषाद ने कहा कि बिहार में राजग सरकार की नीतियों का केंद्र केवल विकास नहीं, बल्कि समावेशी समाज का निर्माण है। इसी सोच के तहत राज्य में महिलाओं और माताओं के कल्याण के लिए कई योजनाएं प्रभावी रूप से संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि समेकित बाल विकास सेवाओं के अंतर्गत चलाई जा रही बिहार पूरक पोषाहार योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं तथा छोटे बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कुपोषण जैसी गंभीर समस्या को दूर किया जा सके। यह योजना केवल पोषण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ मां और स्वस्थ पीढ़ी के निर्माण की दिशा में एक मजबूत पहल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित