नयी दिल्ली , जून 12 -- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) और डॉ. आर.एस. टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी (डीआरएसटीयूएओए), नैनीताल के बीच शुक्रवार को उत्तराखंड में सामाजिक रक्षा से जुड़े मुद्दों पर क्षमता निर्माण के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये।

समझौता समारोह में मंत्रालय के सचिव सुधांश पंत और अकादमी के महानिदेशक बी.पी. पांडे उपस्थित रहे। एमओयू पर एनआईएसडी के उप निदेशक डॉ. एच.सी. श्रीधरा रंगा रेड्डी और अकादमी के संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार ने हस्ताक्षर किये।

एनआईएसडी ने कहा कि इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य सरकार के अधिकारियों, पुलिस और जेल कर्मियों, गैर सरकारी संगठनों तथा क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं की नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम, वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, ट्रांसजेंडर समुदाय के उत्थान तथा भिक्षावृत्ति में संलग्न व्यक्तियों के पुनर्वास जैसे उभरते सामाजिक मुद्दों पर क्षमता निर्माण करना है। अकादमी के महानिदेशक बी.पी. पांडे ने समझौते का स्वागत करते हुए कहा कि अधिकारियों के मुख्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में सामाजिक रक्षा से जुड़े विषयों को शामिल करने से कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की व्यवस्था और मजबूत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित