यमुनानगर , अगस्त 26 -- करीब साढ़े तीन दशक से सक्रिय राजनीति में रहे पूर्व विधायक चौधरी अर्जुन सिंह ने बुधवार को राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि अब वह सामाजिक मंच के माध्यम से केवल गुर्जर समाज ही नहीं, बल्कि सर्व समाज के कल्याण और सामाजिक सौहार्द के लिए काम करेंगे।
श्री सिंह ने बताया कि हरियाणा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर सहित विभिन्न क्षेत्रों से गुर्जर समाज के लोगों ने उनसे संपर्क कर सहारनपुर की तर्ज पर सामाजिक कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में जल्द काम शुरू किया जाएगा।उन्होंने अपने राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि पंच और पंचायत समिति सदस्य के रूप में उन्होंने जनसेवा शुरू की। इसके बाद युवा गुर्जर समिति, किसान यूनियन, हरियाणा विकास पार्टी (हविपा) और जननायक जनता पार्टी (जजपा) में विभिन्न जिम्मेदारियां निभायीं। वर्ष 2004 में बसपा के टिकट पर छछरौली विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने जनता की सेवा की।
श्री सिंह ने बताया कि वर्तमान में वह राष्ट्रीय गुर्जर समन्वय समिति के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने सक्रिय राजनीति से अलग होने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में उनका मुख्य उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों के बीच भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और आपसी सहयोग को बढ़ावा देना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित