भुवनेश्वर , जून 05 -- बीजू जनता दल (बीजद ) के पूर्व राज्यसभा सदस्य एवं हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए देबाशीष सामंतराय ने शुक्रवार को ओडिशा से राज्यसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल कर दिया।
श्री सामंतराय ने ओडिशा विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी के समक्ष मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव, ओडिशा भाजपा के अध्यक्ष मनमोहन सामल, कई मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन दाखिल किया।
गौरतलब है कि श्री सामंतराय श्री सुजीत कुमार और श्रीमती ममता मोहंता के बाद बीजद के तीसरे राज्यसभा के पूर्व सदस्य हैं जो पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं। श्री कुमार और श्रीमती मोहंता दोनों बाद में भाजपा उम्मीदवार के तौर पर फिर से राज्यसभा के लिए चुने गए थे।
नामांकन दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए श्री सामंतराय ने उन पर भरोसा जताने के लिए भाजपा के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें जो भी ज़िम्मेदारी देगी, उसे वह पूरी निष्ठा से निभाएंगे। भाजपा उम्मीदवार ने भरोसा जताया कि केंद्र और ओडिशा में पार्टी की "डबल-इंजन सरकार" राज्य के विकास को गति देगी और उन्हें लोगों की बेहतर ढंग से सेवा करने में मदद करेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले दिनों में बीजद के और भी नेता और कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि बीजद छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद श्री सामंतराय के ऊपरी सदन (राज्यसभा) से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके कारण उपचुनाव की ज़रूरत पड़ी। इसके बाद भाजपा ने उन्हें खाली सीट के लिए उम्मीदवार बनाया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित