भोपाल , मार्च 3 -- भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में कार विवाद को लेकर मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पाटीदार समाज ने अपने सदस्यों पर दर्ज प्रकरण रद्द करने तथा साध्वी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर सामूहिक धर्मांतरण पर विचार किया जाएगा।
मंगलवार को पाटीदार समाज, ओबीसी मोर्चा और सकल हिंदू समाज के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग मिसरोद स्थित मांगलिक भवन में एकत्र हुए। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई तथा कलेक्टर और कमिश्नर के नाम एसीपी को ज्ञापन सौंपा गया।
समाज के पदाधिकारी अजय पाटीदार ने आरोप लगाया कि उनके सदस्यों को "जिहादी" और "अराजक तत्व" कहकर अपमानित किया गया तथा दबाव में आकर एकपक्षीय कार्रवाई करते हुए गंभीर धाराएं लगाई गईं। उन्होंने कहा कि घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज से पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित