श्रीगंगानगर , जुलाई 23 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर कस्बे में गुरुवार को पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ के नेतृत्व में नगर कांग्रेस समिति ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर 21 जुलाई को नीट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर लाठीचार्ज और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान का पुतला दहन करके उनके इस्तीफे की मांग की।

श्री जांगिड़ ने कहा कि वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य को प्रभावित किया है। युवाओं में बढ़ती निराशा और बेरोजगारी को देखते हुए केंद्र सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें।केंद्र सरकार देश के युवाओं का विश्वास बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित