श्रीगंगानगर , मई 04 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर तहसील क्षेत्र में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) का भवन बनकर तैयार हो गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि कुछ बिजली फिटिंग सम्बन्धी कार्य बाकी है। प्रशिक्षण के लिए भवन में वातानुकूलित एवं हवादार बड़े हॉल, अनेक कमरे बरामदे सहित रोशन हो चुके हैं। कार्यालय, किचन, शौचालय आदि तैयार हो चुके हैं। दिव्यांग वर्ग के लिए शौचालय अलग से तैयार किया गया। उम्मीद की जा रही है कि इस वर्ष नए प्रशिक्षणार्थी को प्रशिक्षण नये भवन में मिलना शुरु हो जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि गदरखेड़ा गांव के नजदीक चक 01एसडीएस में निर्मित इस भवन का शिलान्यास तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन विधायक जगदीशचन्द्र जांगिड़ ने किया था। तत्कालीन कांग्रेस द्वारा बजट घोषणा 2020-21 में आईटीआई सादुलशहर स्वीकृत किया गया था। पूर्व विधायक श्री जांगिड़ ने बताया कि सादुलशहर एवं आसपास के गांवों के बच्चों के लिए तकनीकी शिक्षा और कुशलता के लिए सरकारी आईटीआई गद्दरखेडा गांव में मंजूर करवाई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित