बड़वानी , जनवरी 28 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्ची का रिश्तेदार बताया जा रहा है।
बड़वानी के पुलिस अधीक्षक जगदीश डाबर ने बताया कि गिरफ्तार किये गये आरोपी की उम्र 17 वर्ष 10 माह है। पीड़िता मूल रूप से ठीकरी थाना क्षेत्र की निवासी थी और राजपुर में अपने दादा-दादी के साथ रह रही थी। घटना के समय बच्ची का पिता इंदौर गया हुआ था। रविवार सोमवार की दरमियानी रात इस घर में रहने वाले आरोपी ने रात के समय सो रही बच्ची को उठाया और घर से लगभग एक किलोमीटर दूर ले गया और दुष्कर्म करने के बाद नहर में फेंक दिया।
राजपुर थाना प्रभारी विक्रम सिंह बामनिया ने बताया कि दुष्कर्म के दौरान बच्ची को गंभीर चोटें आईं और वह चिल्लाने लगी। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने बच्ची को पास की इंदिरा सागर नहर में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर लौट आया और सो गया।
पुलिस ने बताया कि अगले दिन आरोपी सामान्य व्यवहार करते हुए ग्रामीणों और पुलिस के साथ बच्ची की तलाश में भी शामिल रहा। हालांकि उसके व्यवहार और बयानों से पुलिस को संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित