पटना, मई 11 -- िहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने सोमवार को कहा कि नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजना के अंतर्गत ''सबका सम्मान - जीवन आसान" के संकल्प को साकार करने के लिये पंचायत स्तर पर ''सहयोग शिविर'' की शुरुआत एक ऐतिहासिक और जनहितकारी पहल है।

श्री कुशवाहा ने आज बयान जारी कर कहा कि जनसुविधा को और अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सहयोग पोर्टल एवं सहयोग हेल्पलाइन नंबर का शुभारंभ किया गया है, जिससे आमजन अब घर बैठे ही अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे और उनका समाधान सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रशासनिक पारदर्शिता एवं जवाबदेही और अधिक सशक्त होगी।

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि हर महीने के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को ''सहयोग शिविर'' आयोजित किए जाएंगे, जिनका मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था विशेष रूप से गरीब, असहाय एवं वंचित वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।

श्री कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2005 में राज्य की बागडोर संभालने के बाद से श्री नीतीश कुमार ने समाज के अंतिम पायदान पर खडे़ व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़़ने और उनके जीवन को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि इसी जनकल्याणकारी दृष्टिकोण के तहत सात निश्चय- भाग 3 के अंतर्गत ''सबका सम्मान - जीवन आसान'' कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। नई व्यवस्था के अंतर्गत प्राप्त प्रत्येक शिकायत का समाधान 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा।

जदयू अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित