भिवानी , अक्टूबर 17 -- हरियाणा के भिवानी में गौवंश की मौतों और दर्जनों गायों के घायल होने की घटना के विरोधमें गौ रक्षा दल भिवानी का सात दिन से जारी धरना शनिवार को समाप्त हो गया। विधायक घनश्याम सर्राफ ने धरना स्थलपर पहुंचकर लिखित आश्वासन दिया और जूस पिलाकर पांच दिन से आमरण अनशन पर बैठे गौ रक्षकों का अनशन समाप्त करवाया।

गौ रक्षा दल के प्रधान संजय परमार के नेतृत्व में विधायक के आवास पर धरना दिया जा रहा था। श्राद्ध पक्ष के दौरान गौ सेवा के नाम पर लापरवाही और प्रशासनिक अनदेखी के कारण गायों की मौत होने का आरोप लगाते हुए गौरक्षक कार्रवाई कीमांग कर रहे थे। अनशन पर बलदेव, अमित बीरण, मोनू राणा और संजय परमार बैठे थे।

विश्व हिंदू परिषद के वरुण बजरंगी ने बताया कि प्रशासन ने इस मामले में आधिकारिक आदेश जारी कर एसडीएम की अध्यक्षता में विशेष कमेटी गठित की है। कमेटी पितृ पक्ष से पहले गौ रक्षा दल के सहयोग से घर-घर जागरूकता अभियान चलाएगी, ताकि गायों को अत्यधिक मात्रा में ग्रास खिलाने से होने वाली मौतों को रोका जा सके।

कमेटी यह भी निगरानी करेगी कि दूध निकालने के बाद गायों को आवारा गलियों में छोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो।

ऐसे मामलों में थाना शहर, भिवानी में शिकायत दर्ज करवाई जाएगी।

एसडीएम कमेटी के नोडल अधिकारी होंगे। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी, पशुपालन विभाग के उप निदेशक, जिला सूचना एवं लोक संपर्क अधिकारी और गौ रक्षा दल के प्रधान संजय परमार इसके सदस्य होंगे। गौरक्षकों ने इसे मूक गोवंश की रक्षा के लिए संघर्ष की जीत बताते हुए विधायक और प्रशासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक जागरूकता और सेवा अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित