जींद , जुलाई 13 -- हरियाणा 17 जुलाई से जींद से हाइड्रोजन ट्रेन की शुरुआत के साथ स्वच्छ और आधुनिक परिवहन की दिशा में नया अध्याय लिखने जा रहा है। यह ट्रेन केवल नयी रेल सेवा नहीं, बल्कि हरित विकास, आधुनिक तकनीक और विकसित भारत के संकल्प का प्रतीक मानी जा रही है। हाइड्रोजन ईंधन से संचालित यह ट्रेन डीज़ल इंजनों की तुलना में प्रदूषण को लगभग समाप्त कर देती है और इसके संचालन से केवल जलवाष्प निकलती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता में सुधार होगा।
हाइड्रोजन ट्रेन परियोजना से हरियाणा को ग्रीन मोबिलिटी के क्षेत्र में नयी पहचान मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही हाइड्रोजन उत्पादन, भंडारण, रखरखाव और परिवहन से जुड़े नये उद्योग विकसित होने की संभावना है, जिससे निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए तकनीकी रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
राज्य पहले से ही ऑटोमोबाइल, विनिर्माण और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में अग्रणी है। ऐसे में हाइड्रोजन आधारित तकनीक का विस्तार हरियाणा को ग्रीन इंडस्ट्री का प्रमुख केंद्र बना सकता है। यह पहल स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित