जयपुर , अक्टूबर 05 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष का सार्वजनिक सेवा कार्यकाल पूरा होने पर प्रदेश भाजपा की ओर से सात अक्टूबर को राज्य के प्रत्येक जिला केंद्र पर 'सेवा ज्योति एवं संकल्प' कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा।

श्री राठौड़ ने सोमवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि इसमें प्रत्येक बूथ से भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ संवाद करते हुए जिला केंद्र तक पहुंचेंगे। जयपुर में भी सांगानेर क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें कार्यकर्ता एवं आमजन सहभागी होंगे। कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी द्वारा जनता के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित होने वाले लाइव कार्यक्रम से भी कार्यकर्ता और आमजन जुड़ेंगे।

इसके पश्चात सेवा की भावना एवं सामाजिक जिम्मेदारी का प्रतीक 'मशाल' प्रज्ज्वलित की जाएगी। मशाल का संदेश यह होगा कि समाज में सेवा की भावना निरंतर जागृत रहे। जरूरतमंद व्यक्ति की सहायता करना, उसे सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना, किसी जरूरतमंद को सही मार्ग दिखाना और उसे आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करना ही वास्तविक जनसेवा है। इस अवसर पर लोगों को सेवा का संकल्प भी दिलाया जाएगा कि वे अपने जीवन में जरूरतमंदों की सहायता, समाज की सेवा और राष्ट्रहित के कार्यों में निरंतर योगदान देंगे।

उन्होंने बताया कि श्री मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से राजस्थान में चल रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत प्रदेशभर में विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के दीर्घ सार्वजनिक जीवन, सेवा भावना और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज में सेवा एवं राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

भाजपा नेता ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा भी 17 सितंबर को 'सेवा संकल्प अभियान जन सेवा ही प्रभु सेवा' में जनभागीदारी का आह्वान किया गया था। अभियान के दौरान राजस्थान की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घ एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए 40 लाख 'आशीर्वाद के दीप' जलाए। ऐसे में सात अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में श्री मोदी आमजन का आभार व्यक्त करेंगे।

श्री राठौड़ ने बताया कि 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत प्रदेशभर में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेवा गतिविधियां, विद्यालयों में विभिन्न कार्यक्रम, वाद-विवाद एवं लेखन प्रतियोगिताएं तथा महापुरुषों के सम्मान से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किये गये। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रीय चरित्र, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

अभियान के तहत श्री मोदी की जन्मभूमि वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी तक भी यात्रा निकाली गयी, जो राजस्थान के विभिन्न जिलों से होकर वाराणसी पहुंची। इसी क्रम में वाराणसी से वडनगर की ओर मोटरसाइकिल यात्राएं भी आयोजित की जा रही हैं। इन यात्राओं का उद्देश्य प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा को जनसामान्य से जोड़ना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित