जकार्ता , जून 01 -- सिंगापुर में शानदार प्रदर्शन के बाद, भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और पीवी सिंधु मंगलवार से शुरू हो रहे इंडोनेशिया ओपन 2026 में अपनी लय को बरकरार रखना चाहेंगे।

इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन, 2026 बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर का तीसरा सुपर 1000 टूर्नामेंट मेे एशियाई खेलों के चैंपियन सात्विक और चिराग, बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर के खिताब के लिए चले आ रहे अपने दो साल के सूखे को खत्म करने के बाद जकार्ता जा रहे हैं।

दुनिया की पूर्व नंबर 1 बैडमिंटन जोड़ी ने पिछले हफ़्ते सिंगापुर बैडमिंटन ओपन का पुरुष युगल खिताब जीता, जो दो साल पहले थाईलैंड ओपन जीतने के बाद उनका पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब था।

पीवी सिंधु ने भी सिंगापुर में अपनी पुरानी लय में लौटने के संकेत दिए। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता ने क्वार्टर फ़ाइनल में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन एन से-यंग से हारने से पहले, इंडोनेशिया की दुनिया की नंबर 6 खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी और जापान की रिको गुंजी पर शानदार जीत दर्ज की थी।

दुनिया की नंबर 12 खिलाड़ी सिंधु का जकार्ता में दूसरे दौर में फिर से एन से-यंग से मुकाबला हो सकता है।

उन्नति हुड्डा और मालविका बंसोड़ भी जकार्ता में भारतीय महिला एकल टीम का हिस्सा हैं।

सिंगापुर में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे लक्ष्य सेन और पिछले हफ्ते शुरुआती दौर में इंडोनेशिया के दुनिया के नंबर 5 खिलाड़ी जोनाथन क्रिस्टी को हराने वाले एचएस प्रणॉय, पुरुष एकल वर्ग में भारत की चुनौती की अगुवाई करेंगे।

मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो ने भी सिंगापुर में सेमीफाइनल तक पहुंचकर प्रभावित किया था। हालांकि, जकार्ता में उन्हें शुरुआती दौर में ही एक कठिन चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जहां उनका मुकाबला मलेशिया के विश्व चैंपियन चेन टैंग जी और तोह ई वेई से होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित