अलवर , सितम्बर 15 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब साढ़े तीन महीने पहले हुई मोबाइल छीनने की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने छीना गया आईफोन भी बरामद कर लिया है। मामले में दो अन्य युवकों की भूमिका सामने आयी है, जो फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि 30 जून को हेतराम चौक से एक राहगीर का आईफोन अज्ञात बदमाश छीनकर ले गये थे। पुलिस ने तकनीकि मदद से तलाश की तो उसमें नौगांवा थाना क्षेत्र के मुबारिकपुर निवासी मलकीत सिंह के नाम की सिम चलती मिली। सिम के आधार पर पुलिस मुबारिकपुर पहुंची, जहां यह मोबाइल हरनाम सिंह के पास मिला। पुलिस ने आईफोन बरामद करने के साथ मलकीत सिंह और हरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोबाइल स्नैचिंग की इस वारदात में मलकीत सिंह के पुत्र अमनदीप सिंह और हरनाम सिंह के पुत्र कुलवंत सिंह की भी भूमिका रही है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित