अलवर , मार्च 31 -- राजस्थान में अलवर जिले में सर्वाधिक वांछित अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत अरावली विहार थाना क्षेत्र में पुलिस ने करीब छह करोड़ 50 लाख रुपये की राशि के एनआई एक्ट मामलों में फरार आरोपी संदीप शर्मा को देहरादून (उत्तराखण्ड) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने मंगलवार को बताया कि आरोपी संदीप शर्मा न्यायालय के विभिन्न आदेशों की अवहेलना करके लंबे समय से फरार था। उसके खिलाफ 14 स्थाई वारंट और दो गिरफ्तारी वारंट एनआई एक्ट के तहत लंबित थे। थाना कोतवाली अलवर के धोखाधड़ी के एक मामले में यह वर्ष 2021 से घोषित भगोड़ा था। उन्होंने बताया कि पुलिस दल को तकनीकी सहायता और मुखबिरों से पता चला कि संदीप देहरादून के अमन विहार क्षेत्र में एक किराये के मकान में रह रहा है। इस पर थानाधिकारी रामेश्वर लाल के नेतृत्व में पुलिस दल ने घेराबंदी करके उसे धर दबोचा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित