बैतूल , सितंबर 12 -- मध्य प्रदेश में बैतूल के उत्तर वन मंडल के भौरा वन परिक्षेत्र में वन विभाग की टीम ने अवैध सागौन परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक टाटा 407 वाहन जब्त किया है। वाहन से सागौन के 21 लट्ठे बरामद हुए हैं। इनकी कुल मात्रा 2.811 घन मीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। मामले में वाहन चालक गौरव नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने आज यह जानकारी दी।

वन विभाग के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि टाटा 407 वाहन में अवैध रूप से सागौन की लकड़ी परिवहन की जा रही है। सूचना के आधार पर टीम ने बाना बेहड़ा के पास घेराबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में सागौन के 21 लट्ठे पाए गए। इसके बाद वन विभाग ने लकड़ी सहित वाहन को जब्त कर लिया और आरोपी को हिरासत में लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने सागौन की लकड़ी हरदा जिले के टिमरनी क्षेत्र से लाने की बात बताई है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी जंगल के किस हिस्से से काटी गई और इसे वाहन में कहां से लोड किया गया था। संबंधित क्षेत्र में अवैध कटाई की भी जांच कराई जाएगी। इसके लिए हरदा जिले के वन विभाग को सूचना भेजी जाएगी।

वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक वाहन ढोढ़रा महू से बाना बेहड़ा की ओर जा रहा था। लकड़ी के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है।

कार्रवाई रेंजर ब्रजेंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में सहायक वन परिक्षेत्र अधिकारी मूलचंद परते, वनरक्षक नवल सिंह गुर्जर, शंभू भारती और सौरभ सिरोठिया की टीम ने की। कार्रवाई में सावलीगढ़ रेंज के वन अमले ने भी सहयोग किया। मामले में वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित