बैतूल , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के उत्तर वनमंडल के बैतूल वन परिक्षेत्र में वन अमले ने देर रात सागौन की ताजा लकड़ियों से भरी पिकअप पकड़कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की 2.118 घनमीटर सागौन लकड़ी, दो मोटरसाइकिल और एक खाली देशी कट्टा बरामद किया गया है। मामले में कथित सरगना रोहित यादव की तलाश की जा रही है।
वन विभाग के अनुसार कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक मधुकर राजू के निर्देश, उत्तर वनमंडल के वनमंडलाधिकारी नवीन गर्ग के मार्गदर्शन और बैतूल परिक्षेत्र अधिकारी अरुणेंद्र शुक्ला के नेतृत्व में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के बाद वन अमले ने पाढ़र के पास गवारीघाट और बांसबोड़ी के बीच नाकाबंदी की थी।
वन विभाग के अनुसार मंगलवार तड़के करीब ढाई से तीन बजे के बीच पिकअप वाहन क्रमांक एमपी-48-जेडएल-4558 वहां पहुंचा। वाहन के आगे-पीछे दो मोटरसाइकिलों पर कुछ लोग चल रहे थे। वन अमले ने घेराबंदी कर पिकअप और दोनों मोटरसाइकिलों को रोक लिया और सात लोगों को हिरासत में लिया।
पिकअप की तलाशी में सागौन के ताजा और गीले लट्ठे मिले। लकड़ी की माप कराने पर मात्रा 2.118 घनमीटर निकली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब दो लाख 448 रुपये बताई गई है। अधिकारियों के अनुसार लकड़ी हाल में काटे जाने की आशंका है। वाहन की तलाशी के दौरान एक खाली देशी कट्टा भी मिला, जिसे जब्त कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बड़गी निवासी रोहित पिता रामचन्द्र यादव का नाम बताया है। वन अमला उसकी तलाश कर रहा है। जब्त पिकअप और दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिद्धार्थ ठाकुर, बस्तीराम धुर्वे, कुणाल कुमरे, शुभम यादव, प्रकाश यादव, मनोहर सोनेकर और सुमित उइके के रूप में हुई है। वन विभाग ने मामले में वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है और आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
कार्रवाई में वनकर्मी पीएन बर्डे, कीर्ति भावसार, योगेश चौधरी, संतोष बारंगे, रूपेश लोहांडे, विजय कृष्ण चांडी, दीपक पदाम, जयराम टेकाम, पीयूष बारस्कर और वाहन चालक महादेव का योगदान रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित