सागर , मार्च 19 -- मध्यप्रदेश के सागर जिले की नगर परिषद कर्रापुर में प्लेसमेंट कर्मचारियों को 11 माह से वेतन नहीं मिलने के मामले में कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर संदीप जी.आर. ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेश अवस्थी को नोटिस जारी करते हुए वेतन भुगतान में देरी को गंभीर प्रशासनिक लापरवाही माना है।
प्लेसमेंट कर्मचारियों द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि लंबे समय से वेतन न मिलने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति खराब हो गई है और परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो रहा है। साथ ही इस स्थिति का मानसिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
कलेक्टर ने इसे शासन के निर्देशों की अवहेलना बताते हुए कहा कि इस मामले में समय पर कार्रवाई नहीं करना पदीय कर्तव्यों के प्रति उदासीनता को दर्शाता है, जो मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कदाचार की श्रेणी में आता है।
नोटिस में निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित अधिकारी 23 मार्च शाम 4 बजे तक अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने या निर्धारित समय में जवाब नहीं देने की स्थिति में निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित