सागर , अप्रैल 25 -- मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना भानगढ़ थाना क्षेत्र के परासरी नदी के पुल पर तीन लोगों ने रास्ता रोककर मोटरसाइकिल सवार एक युवक पर कट्टे से हमला कर दिया। युवक के हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मोटरसाइकिल सवार का नाम चैन सिंह पुत्र हरिशंकर है। वह शनिवार दोपहर को अपने गांव से कंजिया जा रहा था कि रास्ते में गुजराया परसरी नदी के पुल पर मोटरसाइकिल पर सवार रामराजा लोधी, हजरत लोधी दोनों निवासी देवराजी, लक्ष्मण लोधी निवासी लहरावदा तीनों आए और उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल युवक की मोटरसाइकिल के सामने अड़ा दी। इसी दौरान आरोपी गाली गलौज करने लगे जब युवक ने गालियां देने से मना किया तो आरोपी रामराजा लोधी ने कट्टे से हमला कर दिया। जिसमें युवक के बाएं हाथ की भुजा में गोली लग गई। घायल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

दरअसल बीती रात को रामराजा लोधी और चैन सिंह के बीच पुराने झगडो को लेकर मारपीट हो गई थी। जिसमें रामराजा लोधी ने चैनसिंह लोधी के खिलाफ मामला भी दर्ज कराया था। इसी बात को लेकर आज फिर से विवाद हो गया। उल्लेखनीय है कि रामराजा लोधी और चैनसिंह लोधी पारिवारिक सदस्य हैं। दोनों ही परिवारों के बीच विवाद चल रहा है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कंजिया चौकी प्रभारी कमलेश धुर्वे ने बताया कि फरियादी की रिपोर्ट पर से तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित