सागर , मई 30 -- मध्य प्रदेश में सागर जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में अवैध कच्ची जहरीली शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जो कि बाघराज वार्ड स्थित आवासीय कॉलोनी के निवासी बताए गए है।

पुलिस से शनिवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम आमेट के पास दो युवकों द्वारा अवैध कच्ची शराब बेचने की सूचना मिलते ही थाना मोतीनगर पुलिस टीम तत्काल रवाना हुई तथा रास्ते में स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने पाया कि सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की पुरानी मारुति स्विफ्ट डिजायर वाहन की डिक्की में सफेद रंग के प्लास्टिक के कुप्पे रखे हुए थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पुलिस के अनुसार दोनों की पहचान दीपक पुत्र राजकुमार पांडे, निवासी आवासीय कॉलोनी बाघराज वार्ड, थाना मोतीनगर और अजय पुत्र राजू पटेल, निवासी राजीवनगर वार्ड के रूप में हुयी है।वाहन की तलाशी लेने पर दोनों प्लास्टिक कुप्पों में लगभग 10-10 लीटर कुल 20 लीटर अवैध कच्ची हाथ भट्टी से निर्मित जहरीली शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2500 रुपये आंकी गई।

आरोपियों से शराब रखने एवं बेचने संबंधी वैध दस्तावेज एवं लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस द्वारा मौके पर विधिवत कार्रवाई करते हुए अवैध शराब जब्त कर ली। नमूने सुरक्षित कर सीलबंद किए गए तथा पंचनामा तैयार किया गया। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित