कासगंज , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश के कासगंज में आयोजित एक जनसभा के दौरान उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद साक्षी महाराज ने लोधी समाज की सत्ता और संगठन में "सम्मानजनक भागीदारी" को बढाने की मांग को दोहरायी है।
अखिल भारतीय लोधी राजपूत कल्याण महासभा द्वारा वीरांगना अवंतीबाई लोधी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की मूर्तियों के अनावरण के अवसर पर साक्षी महाराज ने रविवार देर शाम कहा कि भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने और मजबूत करने में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि "पहले भाजपा को शहर के सीमित वर्ग की पार्टी कहा जाता था, लेकिन कल्याण सिंह ने इसे जन-आंदोलन बनाया।"उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि आज हालात ऐसे हैं कि कल्याण सिंह की प्रतिमा लगाने के लिए भी अनुमति लेनी पड़ती है।
साक्षी महाराज ने लोधी समाज की राजनीतिक ताकत का जिक्र करते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश में लोधी समाज के एक इशारे पर सरकार बनती भी है और गिरती भी है।"भाजपा सांसद ने चेतावनी भरे लहजे में कहा, "हमें विवश मत करो। हम सम्मान से समझौता नहीं करेंगे और न ही स्वाभिमान गिरवी रखेंगे।" प्रधानमंत्री मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' नारे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस विकास में लोधी समाज की भी हिस्सेदारी होनी चाहिए।
उन्होंने मांग रखी कि समाज को एमएलसी, राज्यसभा, राज्यपाल और यहां तक कि मुख्यमंत्री पद में भी भागीदारी मिलनी चाहिए। साक्षी महाराज ने कहा, "हम भीख मांगने वाले नहीं हैं, हम अपनी ताकत और बुद्धि के बल पर जीतते हैं।" उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और कल्याण सिंह का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया और कहा कि राम मंदिर निर्माण का श्रेय भी कल्याण सिंह को जाता है।
सभा में एटा के पूर्व सांसद राजवीर सिंह ने भी अपने परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि "तीन पीढ़ियों से जनता की सेवा कर रहे हैं।" उन्होंने चुनावी हार-जीत को लोकतंत्र का हिस्सा बताया। राजवीर सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं में इंटरव्यू प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उसमें पारदर्शिता की मांग की।
इस दौरान मंच से उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग भी उठी, जिसका उपस्थित लोगों ने समर्थन किया। सभा में लोधी समाज के अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी को लेकर कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित