चेन्नई , अक्टूबर 22 -- इंस्टाग्राम पर निवेश और बचत से जुड़े वीडियो पोस्ट करने वाले 27 वर्षीय प्रभावशाली व्यक्ति वी हरीश ने साइबर बुलिंग और जबरन वसूली की धमकियों के कारण अपनी जान दे दी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक इस मामले में गुरुवार को एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है। वी हरीश इंस्टाग्राम पर 'फाइनेंस विद हरीश' नाम से एक पेज चलाते थे, जहां वह शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड से जुड़ी वित्तीय सलाह देते थे। उनके दस लाख से अधिक फॉलोअर्स थे। कुछ सप्ताह पहले मेटा इंक ने उनके अकाउंट को हटा दिया था। उन पर आरोप था कि वे बिना जरूरी 'सेबी रजिस्टर्ड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर' (आरआईए) लाइसेंस के 'अवैध, अपंजीकृत और गुमराह करने वाली' वित्तीय सलाह दे रहे थे।

पुड्डुचेरी के रहने वाले हरीश 20 अक्टूबर की रात मुट्टुकाडु (ईसीआर पर स्थित) में अपने किराए के घर में मृत पाये गये। उनके माता-पिता का आरोप है कि एक अन्य इन्फ्लुएंसर द्वारा की गयी साइबर बुलिंग, जबरन वसूली की कोशिशों, धमकियों और अपमानजनक पोस्ट के कारण उन्होंने यह कदम उठाया। उनके पिता जे. विनायगम ने शिकायत दर्ज करायी है। उन्होंने जेसन सैमुअल नाम के एक व्यक्ति पर आरोप लगाया है कि उसने 18 अक्टूबर को ऑनलाइन वीडियो और पोस्ट के जरिए उनके बेटे को परेशान किया। जेसन ने हरीश पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था। उसने हरीश को यह धमकी भी दी थी कि वह उसके सभी सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवा देगा और उसे नये अकाउंट खोलने से भी रोकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित