भिवानी , अगस्त 04 -- हरियाणा में भिवानी के थाना साइबर अपराध भिवानी पुलिस ने साइबर धोखाधड़ी में बैंक खाता उपलब्ध कराने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान राहुल पुत्र महेंद्र सिंह निवासी गांव सलेमपुर, जिला भिवानी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि राहुल ने अपने मौसेरे भाई अर्जुन को बहला-फुसलाकर इंडियन बैंक में खाता खुलवाया। इसके बाद उसने बैंक किट और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर यह खाता साइबर ठगी करने वाले गिरोह को उपलब्ध करा दिया। इस खाते का इस्तेमाल देशभर में ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी से प्राप्त अवैध धनराशि जमा करने के लिए किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है और साइबर ठगी से खाते में आने वाली राशि के बदले उसे दो प्रतिशत कमीशन मिलता था।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित