ग्वालियर , अक्टूबर 29 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर शहर में साइबर ठगी के तीन अलग-अलग मामलों में ठगों ने बुजुर्ग, दुकानदार और एक युवक से कुल 7 लाख 57 हजार रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की। ठगों ने लाइफ सर्टिफिकेट के नाम पर बुजुर्ग के खाते से 5.73 लाख रुपये निकाल लिए, जबकि क्रेडिट कार्ड बनवाने के बहाने दुकानदार से 1.38 लाख रुपये की ठगी की गई। तीसरे मामले में यूपीआई के जरिए युवक के खाते से रकम निकाली गई। पुलिस ने मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के किले के हनुमान, लक्ष्मण तलैया निवासी ध्रुव नारायण शर्मा (76) के मोबाइल पर 20 अक्टूबर को लाइफ सर्टिफिकेट के संबंध में संदेश आया था। संदेश खोलने के बाद उनके खाते से तीन बार में पांच लाख, 50 हजार और 23 हजार रुपये निकाल लिए गए। इस तरह कुल 5.73 लाख रुपये की ठगी हुई। बुजुर्ग ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत की, जिसके बाद बहोड़ापुर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया।
दूसरी घटना में ग्वालियर थाना क्षेत्र के किलागेट निवासी विवेक कुमार दुबे (42) को 16 अक्टूबर को एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को एचएसबीसी क्रेडिट कार्ड कंपनी का अधिकारी बताया। करीब छह महीने पहले क्रेडिट कार्ड के लिए आवेदन करने वाले विवेक को आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर जानकारी भरने और वीडियो केवाईसी करने को कहा। लिंक खोलने के बाद उनका मोबाइल हैक हो गया और क्रेडिट कार्ड से 1,38,193 रुपये की अनधिकृत निकासी हो गई। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।
तीसरे मामले में हजीरा के प्रगति नगर, बिरला नगर निवासी शिवम कुशवाह (27) के पंजाब नेशनल बैंक खाते में 14 अक्टूबर को दो बार में 14,520 और 14,113 रुपये जमा हुए। इसके बाद खाते में कुल 46,120 रुपये का बैलेंस होने पर यूपीआई के जरिए 46 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित के अनुसार, खाते में पहले से जमा 17,367 रुपये भी ठगी के जरिए निकाल लिए गए। मामले में ई-जीरो एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित