जालौन , सितंबर 20 -- उत्तर प्रदेश के जनपद जालौन में रविवार को कोतवाली माधौगढ़ क्षेत्र के ग्राम कैलोर में रविवार को मिशन शक्ति के तहत जन चौपाल आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई चौपाल में महिलाओं, बालिकाओं और ग्रामीणों को महिला सुरक्षा, सशक्तिकरण, यातायात नियमों तथा साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

एसपी विनय कुमार सिंह ने कहा कि जालौन पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज, बाजार, सार्वजनिक स्थान या कार्यस्थल पर किसी प्रकार की परेशानी होने पर 1090, 112, 181, 1076 समेत संबंधित हेल्पलाइन सेवाओं से तत्काल सहायता ली जा सकती है। उन्होंने बेटियों को शिक्षित करने और उनमें नेतृत्व की भावना विकसित करने पर जोर दिया, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

साइबर सेल टीम ने ग्रामीणों को अनजान लिंक, ओटीपी, मैसेज और फाइल खोलने से बचने की सलाह दी। सोशल मीडिया पर निजी फोटो, मोबाइल नंबर, पता और बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने तथा केवल विश्वसनीय प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करने के लिए जागरूक किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित