दुर्ग , जुलाई 20 -- छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार उनका आरोप है कि ये लोग दो हजार से 10 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने तथा अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इन खातों का इस्तेमाल ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को विभिन्न खातों में स्थानांतरित कर उसका स्रोत छिपाने के लिए किया जाता था।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सात खाताधारक तथा दो एजेंट शामिल हैं। एजेंट की भूमिका निभाने वाले संजय निषाद और मनोज कुमार साहू खाताधारकों तथा साइबर अपराधियों के बीच संपर्क स्थापित करने का काम करते थे।
यह कार्रवाई पुरानी भिलाई थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की। सभी आरोपियों के विरुद्ध पुरानी भिलाई थाना में मामला दर्ज किया गया है।
जांच के दौरान बैंक खातों और तकनीकी तथ्यों के विश्लेषण में पता चला कि आरोपी अपने बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को सौंप देते थे। इसके एवज में उन्हें दो हजार से 10 हजार रुपये तक का कमीशन मिलता था।
पुलिस जांच में संबंधित बैंक खातों में साइबर ठगी से जुड़े लाखों रुपये के संदिग्ध लेनदेन भी सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार ठग इन खातों का उपयोग ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में भेजने तथा वास्तविक स्रोत छिपाने के लिए करते थे, जिससे जांच एजेंसियों के लिए मुख्य आरोपियों तक पहुंचना कठिन हो जाता था।
पुलिस ने कहा कि कई लोग अतिरिक्त कमाई के लालच में अपने बैंक खाते दूसरे व्यक्तियों को उपलब्ध करा देते हैं, जबकि ऐसा करना गंभीर अपराध है। यदि किसी बैंक खाते का उपयोग साइबर ठगी में होता है तो संबंधित खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आता है।
गिरफ्तार आरोपियों में लक्की खुटेल, उम्र 22 वर्ष, ग्राम फुंडा, थाना बोरी; भारत गिरी, उम्र 25 वर्ष, गौतम नगर, सुपेला; भोज ठाकुर, उम्र 24 वर्ष, खुर्सीडीह, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव; चोमन साहू, उम्र 27 वर्ष, खुर्सीडीह, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव; कमलेश देशलहरे, उम्र 24 वर्ष, ग्राम फुंडा, थाना बोरी; रमाकांत साहू, उम्र 28 वर्ष, ग्राम मचान्दुर, थाना उतई; आकाश भट्ट, उम्र 22 वर्ष, लक्ष्मी नारायण चौक, अहिवारा, थाना नंदनी नगर; संजय निषाद, उम्र 30 वर्ष, ग्राम दानिया, थाना बोरी (एजेंट); तथा मनोज कुमार साहू, उम्र 30 वर्ष, ग्राम कुर्सीडीही, चौकी नगपुरा, थाना पुलगांव (एजेंट) शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित