भभुआ , सितंबर 22 -- बिहार के कैमूर जिले में साइबर ठगी की शिकार एक शिक्षिका को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत दिलायी और उनके खाते से निकाले गये 73 हजार रुपये वापस करा दिये।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहनिया प्रखंड के महरो मध्य विद्यालय में शिक्षिका आकांक्षा देवी के खाते से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शिरोमन नगर शाहाबाद स्थित एक स्वचालित खाते में 73 हजार रुपये कट गये थे। राशि कटने के बाद शिक्षिका ने तत्काल 21 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन संख्या 1930 पर शिकायत दर्ज करायी।
शिकायत प्राप्त होते ही कैमूर साइबर थाना (भभुआ) की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित खाते में गयी 73 हजार रुपये की राशि को होल्ड कराया। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने ठगी की पूरी राशि आकांक्षा देवी के खाते में वापस करा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित