श्रीगंगानगर , जून 24 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में साइबर ठगी के मामलों की जांच तेज कर दी गयी है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक व्यक्ति ने अपना बैंक अकाउंट मासिक 10 हजार रुपये के किराए पर साइबर ठग को दे रखा था।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार को देर शाम इस साइबर ठगी का मामला दर्ज किया और देर रात ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय बलविंदरसिंह और सीकर जिले की बड़ी लोसल का निवासी 21 वर्षीय दिनेश शर्मा के रूप में हुई है। बलविंदरसिंह ने अपना बैंक खाता दिनेश शर्मा को किराए पर दिया हुआ था। इस खाते में साइबर ठगी की रकम ऑनलाइन अंतरण के जरिए जमा हो रही थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित