फर्रुखाबाद , जुलाई 16 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में साइबर अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत राजेपुर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी तथा साइबर अपराध से जुड़े डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार को बताया कि 15 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के डबरी गांव के पास से शाहजहांपुर जिले के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के नौगवां निवासी अभिषेक सिंह (19) पुत्र राजेश सिंह को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन, एक सिम कार्ड तथा 3,050 रुपये नकद बरामद हुए। जांच के दौरान पुलिस ने जब आरोपी के मोबाइल की गैलरी की जांच की तो उसमें 20 अलग-अलग क्यूआर कोड के स्क्रीनशॉट मिले।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आशंका है कि इन क्यूआर कोड का इस्तेमाल साइबर ठगी के जरिए लोगों से ऑनलाइन भुगतान प्राप्त करने और ठगी की रकम एकत्र करने के लिए किया जाता था।
प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के मोबाइल की आईएमईआई समन्वय पोर्टल पर जांचने पर उसके मोबाइल नंबर और डिवाइस से संबंधित पांच साइबर शिकायतें पहले से दर्ज मिलीं। इन मामलों में पीड़ितों से करीब 50 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध राजेपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 318(4) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित