श्रीगंगानगर , मई 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर की साइबर थाना पुलिस ने एक विदेशी गिरोह द्वारा 1100 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी के मामले में एक प्रमुख आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान सुनील नायक के रूप में हुई है जो अनूपगढ़ क्षेत्र के प्रेमनगर का निवासी है। वह स्थानीय स्तर पर मोबाइल सिम कार्ड बेचने का काम करता था। पुलिस ने उसे आज श्रीगंगानगर की एक अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि सुनील नायक अनूपगढ़ में अलग-अलग जगहों पर छतरी लगाकर सिम कार्ड बेचता था। आरोप है कि उसने नया सिम कार्ड लेने आए ग्राहकों के आईडी प्रूफ का दुरुपयोग करके एक आईडी पर दूसरी कंपनी का सिम कार्ड भी जारी करवा लिया। इस तरीके से उसने सैकड़ों लोगों के नाम पर फर्जी सिम कार्ड हासिल किए और इन्हें साइबर ठगों तक पहुंचा दिया। ये सिम कार्ड आगे चलकर कंबोडिया पहुंच गए जहां से साइबर ठगों ने इनका इस्तेमाल करके बड़ी संख्या में लोगों को ठगा।

पुलिस के अनुसार सुनील ने 500 से अधिक ऐसे सिम कार्ड धोखे से हासिल किए। प्रत्येक सिम कार्ड के बदले उसे मात्र 300 से 500 रुपये मिलते थे। सुनील को इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि ये सिम कार्ड आगे कितनी बड़ी साइबर ठगी में इस्तेमाल होने वाले हैं। यह पूरा मामला इसी वर्ष जनवरी में जोधपुर में सामने आया था। वहां जांच के दौरान यह श्रीगंगानगर जिले से जुड़ा पाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित