पन्ना , जून 25 -- मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी "सेफ क्लिक-2.0" अभियान के तहत पन्ना पुलिस ने लगभग 7.50 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.95 लाख रुपये नकद और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार देवेन्द्रनगर निवासी एक व्यवसायी ने अपने मिनी मार्केट के लिए 25 टन नारियल खरीदने की आवश्यकता ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर दर्ज की थी। इसके बाद एक व्यक्ति ने स्वयं को "केरल फॉर्च्यून ट्रेडर्स" का प्रतिनिधि बताते हुए संपर्क किया और आकर्षक कीमत पर नारियल उपलब्ध कराने का प्रस्ताव दिया।
आरोपी ने फर्म से संबंधित दस्तावेज, जीएसटी नंबर, ट्रक और चालक संबंधी जानकारी भेजकर व्यवसायी का विश्वास जीता। इसके बाद व्यवसायी ने विभिन्न माध्यमों से कुल 7 लाख 50 हजार रुपये आरोपियों द्वारा बताए गए बैंक खातों में जमा कर दिए। भुगतान मिलने के बाद आरोपी और कथित ट्रक चालक ने संपर्क बंद कर दिया तथा नारियल की आपूर्ति नहीं की।
शिकायत मिलने पर देवेन्द्रनगर थाना में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल और साइबर सेल ने बैंकिंग लेनदेन, मोबाइल डेटा तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। तकनीकी निगरानी के आधार पर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के फर्रुखाबाद जिले से गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर लोगों की आवश्यकता के अनुरूप व्यापारिक प्रस्ताव देते थे और अग्रिम भुगतान प्राप्त कर धोखाधड़ी को अंजाम देते थे।
प्रारंभिक जांच में आरोपियों के विरुद्ध राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर विभिन्न राज्यों से 25 शिकायतें दर्ज होना भी सामने आया है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन व्यापारिक लेनदेन से पहले संबंधित फर्म, बैंक खाते, जीएसटी विवरण और संपर्क सूत्रों का स्वतंत्र सत्यापन अवश्य करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित