बैतूल , जून 29 -- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर संचालित 'सेफ क्लिक-2.0' राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान के तहत बैतूल पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और छात्रावासों में विशेष अभियान चलाकर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के निर्देशन में थाना सारनी पुलिस ने साप्ताहिक हाट बाजार में लोगों को यूपीआई धोखाधड़ी, क्यूआर कोड स्कैम, फर्जी लिंक, एपीके फाइल, ओटीपी धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
इसी क्रम में चौकी पट्टन पुलिस ने सुरक्षित ऑनलाइन लेनदेन, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराध पोर्टल के उपयोग की जानकारी देकर लोगों को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। वहीं, थाना शाहपुर पुलिस ने एकलव्य विद्यालय छात्रावास में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार के संबंध में जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक श्री जैन ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम जागरूकता और सतर्कता है। उन्होंने लोगों से किसी भी अनजान लिंक, क्यूआर कोड अथवा एपीके फाइल पर बिना सत्यापन के क्लिक नहीं करने और साइबर ठगी की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित