बांदा , मई 25 -- उत्तर प्रदेश में बांदा जिले की साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति के खाते में 5 लाख 60 हजार 822 रुपये की धनराशि वापस कराई।
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के मढ़िया नाका मोहल्ला निवासी मुकेश कुमार को व्यापार में अधिक लाभ दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनसे 5,60,822 रुपये की ठगी कर ली थी। पीड़ित की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज किया गया।
साइबर क्राइम थाना पुलिस टीम ने मामले की जांच करते हुए तकनीकी विश्लेषण और सक्रिय समन्वय के माध्यम से प्रभावी कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते ठगी गई पूरी धनराशि सुरक्षित रूप से पीड़ित मुकेश कुमार के बैंक खाते में वापस करा दी गई।
बांदा पुलिस ने लोगों से साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल या संदिग्ध लेनदेन की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें। साथ ही समय रहते साइबर क्राइम थाना अथवा नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि त्वरित कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित