रूद्रपुर , मई 10 -- उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर में हरियाणा की साइबर थाना पुलिस को कुचलने के प्रयास के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

साइबर अपराध के मामले में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने जिले में 800 म्यूल खातों को चिन्हित किया है। 20 के खिलाफ अभियोग दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 08 मई को साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में आरोपी को पकड़ने के लिये हरियाणा के हांसी साइबर थाना की पुलिस दिनेशपुर आयी थी।

श्री गणपति के अनुसार स्थानीय पुलिस को सूचित किये बिना सहायक निरीक्षक प्रेम कुमार की नेत्त्व में हांसी पुलिस टीम ने सादी वर्दी में सीधे आरोपी भारत सिंह के घर पर दबिश दी। इस दौरान आरोपी के घर पर काफी लोग जमा थे।

आरोप है कि इसी बीच आरोपी ने अपने कुछ और साथियों को बुला लिया और कार में सवार होकर फरार होने लगा। इसी बीच एएसआई प्रेम कुमार ने कार को रोकने का प्रयास किया और इसी बीच गाड़ी के आगे आ गये। श्री गणपति के अनुसार आरोपियों ने उन्हें टक्कर मार दी और कुछ दूर तक एएसआई को घसीटते हुए भी ले गये।

हरियाणा पुलिस की तहरीर पर दिनेशपुर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गयी है। आरोपियों की तलाश के लिये सभी संभावित रास्तों के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित