दरभंगा , अगस्त 17 -- बिहार के दरभंगा जिले में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने कमतौल थाना क्षेत्र के बरिओल चौक के समीप एक साइकिल मरम्मत की दुकान में छापेमारी कर 208.725 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गयी।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि मद्यनिषेध टीम को सूचना मिली थी कि बरिओल चौक के पास स्थित साइकिल मरम्मत की दुकान में अवैध विदेशी शराब का भंडारण किया गया है। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने दुकान में छापेमारी की, जहां से 208.725 लीटर विदेशी शराब बरामद की गयी।

उन्होंने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है तथा संबंधित दुकान को सील कर दिया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त के बयान के आधार पर शराब के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी पहचान होने के बाद उनके विरुद्ध भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

श्री कुमार ने कहा कि जिले में अवैध शराब के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और इस कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित