कपूरथला , सितंबर 28 -- पुष्पा गुजराल साइंस सिटी में सोमवार को ग्रीन कंज्यूमर डे के अवसर पर 'जीरो वेस्ट चैलेंजेज' विषय पर परियोजना मॉडल प्रदर्शनी प्रतियोगिता आयोजित की गयी। इसमें 100 से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कचरा कम करने तथा टिकाऊ जीवनशैली को बढ़ावा देने से जुड़े अभिनव मॉडल प्रस्तुत किये।
इस वर्ष कार्यक्रम का विषय 'सतत उपभोग, पुनर्चक्रण और कचरे में कमी' रहा। इसके तहत जिम्मेदार उपभोग, पर्यावरण अनुकूल उत्पादों के इस्तेमाल, अनावश्यक पैकेजिंग में कमी तथा वस्तुओं के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
साइंस सिटी के निदेशक डॉ राजेश ग्रोवर ने कहा कि शून्य अपशिष्ट का लक्ष्य हासिल करने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी, वैज्ञानिक नवाचार और निरंतर जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से जिम्मेदार उपभोग, कचरा पृथक्करण, पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी कचरा प्रबंधन के प्रभावी समाधान दे सकते हैं, लेकिन स्थायी बदलाव के लिए व्यवहार में परिवर्तन और सामुदायिक भागीदारी भी आवश्यक है।
उप निदेशक एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ मुनीश सोइन ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा और स्वच्छ, स्वस्थ तथा टिकाऊ भविष्य के लिए सभी हितधारकों से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
गुरु अमरदास पब्लिक स्कूल, उचा बेट, कपूरथला की टीम ने प्रथम, अकाल अकादमी, कपूरथला ने द्वितीय और आनंद पब्लिक स्कूल, कपूरथला ने तृतीय स्थान हासिल किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित