कानपुर , सितंबर 25 -- कानपुर से भाजपा सांसद रमेश अवस्थी को लोकसभा की सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना समिति (एमपीएलएडीएस) में सदस्य नामित किया गया है। लोकसभा अध्यक्ष के इस मनोनयन के बाद स्थानीय विकास योजनाओं से जुड़े विषयों को संसदीय स्तर पर उठाने और उनकी निगरानी को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
एमपीएलएडीएस के तहत सांसद अपने संसदीय क्षेत्र की स्थानीय जरूरतों के अनुरूप पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों की अनुशंसा करते हैं। प्रत्येक सांसद के संसदीय क्षेत्र के लिए प्रतिवर्ष पांच करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान है।
समिति में सदस्य नामित होने पर श्री अवस्थी ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह मिली जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहकर समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचे, यह उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने कहा कि कानपुर को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना उनका संकल्प है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को जन-आकांक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ाया जाएगा।
सांसद ने कहा कि एमपीएलएडीएस समिति में नई जिम्मेदारी मिलने से कानपुर की विकास आवश्यकताओं को व्यापक संसदीय मंच पर रखने, योजनाओं की निगरानी करने और जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने का अवसर मिलेगा। केंद्र और स्थानीय स्तर के बेहतर समन्वय से कानपुर के विकास को और गति देने का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित