जालंधर , नवंबर 17 -- राज्यसभा सदस्य और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने सोमवार को नालों और चिट्टी बेईं को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए अधिकारियों को काला संघियां और जमशेर नालों तथा चिट्टी बेईं में सीवेज के बहाव को रोकने के सख्त निर्देश दिये।

राज्यसभा सदस्य ने जिला प्रशासनिक परिसर में नालों को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए किये जा रहे प्रयासों और शहर में एसटीपी के कामकाज की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए, उपायुक्त डॉ. हिमांशु अग्रवाल और नगर निगम आयुक्त जालंधर संदीप ऋषि की उपस्थिति में, सीवेज उपचार संयंत्रों के शत-प्रतिशत संचालन पर ज़ोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सीवेज ट्रीटमेंट प्लांटों की कार्यप्रणाली पर कड़ी निगरानी रखने के लिए नियमित जांच सुनिश्चित की जाये और यदि कोई ट्रीटमेंट प्लांट बंद पाया जाता है तो संबंधित अधिकारी की ज़िम्मेदारी तय की जाये। उन्होंने अधिकारियों को नालों में सीवेज के सीधे प्रवाह को रोकने के लिए निगरानी समितियां बनाने के भी निर्देश दिये।

सांसद सीचेवाल ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिये कि केवल उपचारित पानी ही नालों में प्रवाहित हो। काला संघियां ड्रेन में पानी छोड़ने के कार्य की समीक्षा करते हुए, संत सीचेवाल ने ड्रेनेज विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को संयुक्त रूप से ड्रेन का दौरा करने के निर्देश दिए ताकि वर्तमान में मौजूद तकनीकी बाधा को जल्द से जल्द दूर किया जा सके और 100 क्यूसेक पानी छोड़ने का रास्ता साफ हो सके। उन्होंने बताया कि ड्रेन में पत्थर डालने के साथ-साथ पानी छोड़ने के लिए चैनल बनाने का काम भी पूरा हो चुका है।

राज्यसभा सदस्य ने बस्ती पीरदाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से कृषि उपयोग के लिए उपचारित पानी की आपूर्ति करने की परियोजना की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि इस उद्देश्य के लिए बिछायी गयी पाइपलाइन का परीक्षण चल रहा है। संत सीचेवाल ने अधिकारियों को परीक्षण कार्य में तेजी लाकर 15 दिनों के भीतर इसे पूरा करने के निर्देश दिए ताकि उपचारित पानी खेतों तक पहुंच सके।

बैठक के दौरान, राज्यसभा सदस्य ने वरियाणा बायो-रीमेडिएशन परियोजना की प्रगति और जमशेर स्थित बायोगैस संयंत्र से संबंधित चल रही प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने नगर निगम जालंधर को दिशा-निर्देशों के अनुसार जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। इसके अलावा, उन्होंने अधिकारियों को जमशेर और बंबियान-वाला उपचार संयंत्रों से कृषि उपयोग के लिए उपचारित पानी की आपूर्ति की संभावनाओं का पता लगाने के निर्देश दिये। इससे पहले, राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने नगर निगम आयुक्त जालंधर संदीप ऋषि, आप नेता राजविंदर कौर थियारा और अन्य अधिकारियों के साथ फोलरीवाल और जमशेर स्थित उपचार संयंत्रों का दौरा कर उनके कामकाज की समीक्षा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित