मोतिहारी , अक्टूबर 03 -- पूर्वी चंपारण के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह को संसद की रक्षा संबंधी स्थायी समिति का लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बनाए गए हैं।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इसे बिहार और विशेषकर पूर्वी चंपारण के लिए गौरव का विषय बताया है।
भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद ने शनिवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण विषय की संसदीय समिति की लगातार तीसरी बार अध्यक्षता की जिम्मेदारी मिलना श्री सिंह के दीर्घ संसदीय अनुभव को रेखांकित करता है।
गौरतलब है कि रक्षा संबंधी स्थायी समिति के वर्तमान कार्यकाल में राधा मोहन सिंह अध्यक्ष हैं और समिति में लोकसभा तथा राज्यसभा के विभिन्न दलों के सदस्य शामिल हैं। यह समिति, रक्षा मंत्रालय से संबंधित अनुदान मांगों, विधेयकों, वार्षिक रिपोर्ट और दीर्घकालिक नीतिगत दस्तावेजों की जांच करती है।
रक्षा समिति के अध्यक्ष के रूप में सिंह ने वर्ष 2026 में समिति की बैठकों की अध्यक्षता की है। जनवरी 2026 में समिति ने उनके नेतृत्व में विशाखापत्तनम स्थित नौसेना विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला का अध्ययन दौरा भी किया था।
राधा मोहन सिंह का संसदीय सफर वर्ष 1989 में नौवीं लोकसभा से शुरू हुआ। इसके बाद 1996, 1999, 2009, 2014, 2019 और 2024 में वे लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। इस तरह वे अब तक सात बार संसद के निचले सदन के सदस्य चुने जा चुके हैं।इस लंबे संसदीय सफर के दौरान उन्होंने विभिन्न संसदीय समितियों में जिम्मेदारियां संभालीं। वर्ष 2019 में उन्हें रेलवे संबंधी स्थायी समिति का अध्यक्ष बनाया गया और 2023 में भी समिति के अध्यक्ष के रूप में उनके नेतृत्व में बैठकों तथा रिपोर्टों का संचालन हुआ।
वर्ष 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार के गठन के बाद राधा मोहन सिंह को कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2014 से 2019 तक केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री के रूप में उन्होंने कार्य किया। इसके अलावा वे 2006 से 2009 तक बिहार भाजपा के अध्यक्ष भी रहे।
भाजपा नेता और स्थानीय विधायक प्रमोद कुमार ने न्यूज एजेंसी "यूनीवार्ता" को बताया कि रक्षा जैसे रणनीतिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषय की संसदीय समिति का लगातार तीसरी बार नेतृत्व मिलना उनके अनुसार संसदीय अनुभव और कार्यक्षमता में विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने राधा मोहन सिंह को बधाई देते हुए कहा कि यह पूरे बिहार और विशेषकर पूर्वी चंपारण के लिए सम्मान का विषय है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित