चंडीगढ़ , अप्रैल 30 -- पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और गुरदासपुर से सांसद सुखजिंदर सिंह रंधावा ने दावा किया है कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार जल्द गिर सकती है और आने वाले दिनों में राष्ट्रपति शासन लागू होने की संभावना है।
श्री रंधावा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि सत्ता खोने के डर से सरकार ने मजदूर दिवस पर विशेष विधानसभा सत्र को 'ड्रामाटाइज' किया है और इसके बहाने मुख्यमंत्री भगवंत मान फ्लोर टेस्ट कराने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कई आप विधायक भाजपा के संपर्क में हैं और पाला बदल सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस के किसी सांसद या विधायक के भाजपा में जाने का सवाल ही नहीं है और सभी कांग्रेस नेता पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं।
सुरक्षा हालात पर चिंता जताते हुए श्री रंधावा ने राजपुरा-शंभू रेलवे ट्रैक विस्फोट का जिक्र किया और कहा कि इससे पंजाब की शांति और सांप्रदायिक सौहार्द को खतरा पैदा हुआ है। उन्होंने पूछा कि सांसद अमृतपाल सिंह पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) किसके कहने पर हटाया गया और इसके तुरंत बाद इस तरह की घटना होना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि चरमपंथियों और गैंगस्टरों का गठजोड़ राज्य में हिंदू-सिख एकता के लिए गंभीर खतरा है, जिसे तोड़ना जरूरी है।
श्री रंधावा ने केंद्रीय एजेंसियों से बापू तरसेम सिंह और विस्फोट के आरोपी के बीच कथित संबंधों की गहन जांच की मांग की। उन्होंने वायरल तस्वीरों की सत्यता जांचने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी बात कही। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद उन्होंने घटनास्थल का दौरा नहीं किया और न ही तुरंत आपात बैठक बुलाई। उन्होंने पुलिस महानिदेशक गौरव यादव की भी आलोचना करते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाया और कहा कि राज्य में फिर से आतंकवाद जैसे हालात बन रहे हैं।
"ऑपरेशन लोटस" मुद्दे पर श्री रंधावा ने सवाल उठाया कि मंत्री हरपाल सिंह चीमा और आप विधायकों द्वारा लगाये गये आरोपों के बावजूद अब तक कोई चार्जशीट क्यों दाखिल नहीं की गयी। उन्होंने कहा कि यदि आरोप गलत थे, तो चीमा के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गयी। आप नेताओं द्वारा अपने राज्यसभा सांसदों को 'गद्दार' कहे जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री रंधावा ने कहा कि असली गद्दारी उन्हीं लोगों ने की है, जिन्होंने अपने ही साथियों को धोखा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि आप के कई नेता पहले अकाली दल या कांग्रेस में थे और अब सरकार में पदों पर हैं।
श्री रंधावा ने यह भी स्पष्ट किया कि पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी सहित किसी भी कांग्रेस सांसद के भाजपा के संपर्क में होने की खबरें गलत हैं। उन्होंने आप के भीतर आंतरिक अस्थिरता होने का दावा किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित